भारत में हर वर्ष 14 नवंबर को देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती बाल दिवस के रूप में मनाई जाती है। पंडित नेहरू को बच्चों से विशेष लगाव था। उनके चेहरे पर बच्चों को देखकर हमेशा मुस्कान आ जाती थी और बच्चे भी उन्हें प्यार से ‘चाचा नेहरू’ कहकर बुलाते थे। इसी स्नेह और अपनत्व के कारण उनके जन्मदिन को बच्चों के नाम समर्पित किया गया।
आज का दिन न केवल नेहरू जी की महान विचारधारा को याद करने का है, बल्कि यह पूरे देश के बच्चों के अधिकारों, उनकी सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और उनके उज्ज्वल भविष्य पर गंभीरता से विचार करने का अवसर भी है। बाल दिवस हमें यह याद दिलाता है कि देश का भविष्य तभी सुरक्षित और मजबूत हो सकता है जब इसके बच्चे स्वस्थ, शिक्षित और खुशहाल हों।
देशभर के स्कूलों में इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। कहीं सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होती हैं, तो कहीं खेल प्रतियोगिताएं और चित्रकला प्रदर्शनियाँ। कई स्कूलों में शिक्षकों द्वारा बच्चों के लिए विशेष कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाते हैं, जिससे बच्चों में आनंद और उत्साह भर जाता है।
जो छात्र विद्यालय में भाषण प्रतियोगिता में भाग ले रहे हैं, उनके लिए यह आयोजन सीखने और आत्मविश्वास बढ़ाने का मौका लेकर आता है। बाल दिवस पर दिया जाने वाला छोटा और सरल भाषण बच्चों में नेतृत्व क्षमता व अभिव्यक्ति कौशल को बढ़ावा देता है।
इस खास मौके पर देशभर में यह संदेश दिया जा रहा है कि बच्चों की सुरक्षा, अधिकारों की रक्षा और उन्हें समान अवसर प्रदान करना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। चाचा नेहरू का सपना था कि भारत का हर बच्चा पढ़े, बढ़े और देश की प्रगति में अपनी भूमिका निभाए। बाल दिवस इसी सपने को आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है।



