गम्हरिया: टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर गम्हरिया स्थित उषा मोड़ के समीप मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक नाबालिग समेत तीन लोगों की मौत हो गई। हादसा देर रात करीब 2:30 बजे हुआ। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, तीनों लोग एक ही बाइक पर सवार होकर गम्हरिया की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार और अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे में दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरे की हालत गंभीर थी। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल को तत्काल अस्पताल ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने भी दम तोड़ दिया। इस तरह दुर्घटना में तीनों बाइक सवारों की मौत हो गई।
घटना के बाद टक्कर मारने वाला अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार वाहन एवं उसके चालक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही दुर्घटना के कारणों का भी पता लगाया जा रहा है।
देर रात हुई इस घटना से मृतकों के परिजनों में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे के बाद एक बार फिर टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।


