जमशेदपुर। मानगो ट्रांसपोर्ट नगर इस बार विश्वकर्मा पूजा के रंग में रंगने को तैयार है। जमशेदपुर ट्रक एवं ट्रेलर ओनर्स एसोसिएशन की ओर से 17 सितंबर से भव्य विश्वकर्मा पूजा समारोह का आयोजन किया जाएगा। पूजा-अर्चना से लेकर अखंड रामायण और भक्ति संगीत तक, तीन दिनों तक परिसर में धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल देखने को मिलेगा।
एसोसिएशन के अध्यक्ष जसवीर सिंह और महामंत्री मनीष कुमार सिंह ने मंगलवार को ट्रांसपोर्ट नगर पार्किंग स्थित संगठन कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर की सुबह 10 बजे विधिवत विश्वकर्मा पूजा शुरू होगी। दोपहर एक बजे श्रद्धालुओं के बीच भोग का वितरण किया जाएगा।
इसके बाद शाम सात बजे से अखंड रामायण पाठ का शुभारंभ होगा, जिसका समापन 18 सितंबर की शाम किया जाएगा। आयोजन के अगले दिन यानी 19 सितंबर की शाम सात बजे से भक्ति संगीत का विशेष कार्यक्रम रखा गया है। इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सुप्रसिद्ध भक्ति संगीत गायिका शहनाज अख्तर होंगी। उनके भक्ति गीतों पर श्रद्धालु झूमते और भक्ति के रंग में सराबोर नजर आएंगे। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं के बीच भोग का वितरण भी किया जाएगा।
वहीं, 20 सितंबर को भगवान विश्वकर्मा की प्रतिमा की विसर्जन शोभायात्रा निकाली जाएगी। आयोजकों के अनुसार, पूजा समारोह को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। ट्रांसपोर्ट नगर में होने वाला यह आयोजन धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक उत्सव का भी रूप लेगा।


