पटना: मोकामा के कन्हाईपुर गांव में गणेश पूजा के दौरान आयोजित मेले में उस समय हंगामा मच गया, जब दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों ओर से मारपीट होने लगी। मेले में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हंगामे की जानकारी पुलिस को मिली तो एएसआई बबलू कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थिति संभालने और दोनों पक्षों को अलग करने का प्रयास किया। इसी दौरान कुछ लोग पुलिसकर्मियों से ही उलझ गए।
समझाने पहुंचे ASI के साथ धक्का-मुक्की
पुलिस के मुताबिक, विवाद शांत कराने की कोशिश के दौरान एएसआई बबलू कुमार के साथ कथित तौर पर धक्का-मुक्की की गई और हाथापाई तक की नौबत आ गई। इस घटना के बाद मेले में मौजूद लोगों में भी दहशत का माहौल बन गया।
मामले से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की बात कही जा रही है। वीडियो में कथित तौर पर मेले में हंगामे और पुलिस अधिकारी के साथ धक्का-मुक्की के दृश्य दिखाई दे रहे हैं।
मेकरा ओपी अध्यक्ष अवनीश कुमार ने बताया कि मारपीट की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और मामले में दो लोगों को हिरासत में लिया है।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। मारपीट की शुरुआत किस बात को लेकर हुई और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस वायरल वीडियो की भी जांच कर रही है ताकि घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा सके।


